सेंट्रल जेल रायपुर में विचाराधीन कैदी ने की आत्महत्या , परिजनों का जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप

रायपुर। सेंट्रल जेल रायपुर में बंद एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सुनील महानंद के रूप में हुई है, जो पॉक्सो एक्ट के मामले में जेल में बंद था। जानकारी के अनुसार, सुनील ने जेल के 5 नंबर बैरक में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना रविवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। मामला गंज थाना क्षेत्र का है।

इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि जेल में सुनील को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि बिना उन्हें सूचना दिए शव को चुपचाप मर्चुरी भेज दिया गया और देर रात उन्हें मौत की जानकारी दी गई।

जेल के बाहर धरना, फर्जी केस में फंसाने का आरोप

घटना की जानकारी मिलने के बाद सोमवार को परिजनों ने सेंट्रल जेल के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनके समर्थन में छत्तीसगढ़ उत्कल गाड़ा समाज के लोग भी मौके पर पहुंचे। समाज और परिजनों का आरोप है कि सुनील महानंद को फर्जी मामले में फंसाया गया था और जेल में बुनियादी सुविधाओं की भी कमी है।

मृतक की पत्नी ने बताया कि दो दिन पहले ही उनकी सुनील से मुलाकात हुई थी। उस समय सुनील ने जेल में हो रही प्रताड़ना की बात बताई थी। वहीं, मृतक की मौसी ने भी कहा कि मुलाकात के दौरान सुनील काफी उदास और परेशान दिखाई दे रहा था।

उच्चस्तरीय जांच और मुआवजे की मांग

परिजनों और समाज के लोगों का कहना है कि सुनील खुद से फांसी नहीं लगा सकता, उसके साथ कुछ गलत हुआ है। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। साथ ही मांग की गई है कि मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए और परिवार को न्याय मिले।

फिलहाल मामले को लेकर जेल प्रशासन और पुलिस की ओर से जांच की जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई