नगर निगम में 14 लाख के टैक्स घोटाले पर कार्रवाई, राजस्व निरीक्षक निलंबित

बिलासपुर नगर निगम में टैक्स घोटाले का मामला सामने आया है। नगर निगम के जोन क्रमांक 2 में पदस्थ राजस्व निरीक्षक (आरआई) रामनारायण देवांगन को निलंबित कर दिया गया है। उन पर करीब 14.18 लाख रुपए की टैक्स राशि जमा न करने का गंभीर आरोप है।

नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने यह कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2024-25 के बीच संपत्तिकर, समेकित कर और यूजर चार्ज के रूप में वसूली गई 14,18,207 रुपए की राशि को निगम के खाते में जमा नहीं किया गया।

इस मामले को गंभीर आर्थिक अनियमितता मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत रामनारायण देवांगन को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

कमिश्नर ने आदेश दिया है कि पूरी बकाया राशि की वसूली की जाए। यदि राशि जमा नहीं की जाती है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

यह गड़बड़ी नगर निगम के आंतरिक ऑडिट के दौरान सामने आई। जब वर्ष 2023-24 का ऑडिट चल रहा था, तभी जोन क्रमांक 2 में राजस्व कर से जुड़ी इस बड़ी अनियमितता का खुलासा हुआ। इसके बाद संयुक्त संचालक वित्त के नेतृत्व में जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नगर निगम कमिश्नर ने निलंबन की कार्रवाई की।

नगर निगम प्रशासन का कहना है कि इस तरह की लापरवाही और भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button