रायपुर शराब घोटाला: ED की 29,800 पन्नों की चार्जशीट में नया नाम शामिल, 38 करोड़ की संपत्ति सीज

रायपुर। शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 29 हजार 800 पन्नों की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की है। इस चार्जशीट में आबकारी विभाग के तत्कालीन डिप्टी कमिश्नर आशीष श्रीवास्तव का नाम भी जोड़ा गया है। पहले ईओडब्ल्यू (EOW) की चार्जशीट में उनका नाम नहीं था, लेकिन अब उनके खिलाफ कार्रवाई की संभावनाएं तेज हो गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, सचिव कम आयुक्त आर संगीता 3 जनवरी को छुट्टी से लौटेंगी, जिसके बाद आशीष श्रीवास्तव पर विभागीय कदम उठाया जा सकता है। वहीं, इस मामले में आरोपी बनाए गए 31 अधिकारियों के बैंक खाते सीज कर दिए गए हैं। कुल 38.21 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त हो चुकी है, जिसमें कुछ अफसरों की पत्नियों के खातों में मिले संदिग्ध लेन-देन भी शामिल हैं।
ईओडब्ल्यू की पिछली चार्जशीट में 29 अफसरों को आरोपी बनाया गया था, जिनमें से 22 को 7 जुलाई 2025 को सस्पेंड कर दिया गया था और बाकी 7 रिटायर हो चुके हैं। हाल ही में विभाग के पूर्व आयुक्त निरंजन दास की गिरफ्तारी के बाद मामला फिर सुर्खियों में है।
जांच में सामने आया है कि इस घोटाले में करीब 90 करोड़ रुपए की रिश्वत बांटी गई। इसमें
- निरंजन दास को 18 करोड़,
- इकबाल खान को 12 करोड़,
- नोहर सिंह ठाकुर को 11 करोड़,
- नवीन प्रताप सिंह तोमर को 6.7 करोड़,
- राजेश जायसवाल को 5.79 करोड़,
- अनिमेष नेताम को 5.28 करोड़ रुपए दिए गए।
इसके अलावा कई अन्य अफसरों को 2 करोड़ रुपए से अधिक की रकम पहुंचने के सबूत मिले हैं। ED के अनुसार, आशीष श्रीवास्तव को भी 54 लाख रुपए दिए जाने के प्रमाण मिले हैं।
फिलहाल ED की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और बड़ी कार्रवाइयों की संभावना जताई जा रही है।





