सरकारी प्लेन विवाद पर सियासत तेज: संतोष पांडे का कांग्रेस पर चंद्रास्वामी और “सोमरस” का आरोप

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धार्मिक गुरु धीरेन्द्र शास्त्री के सरकारी प्लेन से आने को लेकर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस ने इस पर सवाल उठाए तो भाजपा सांसद संतोष पांडे ने कड़ा पलटवार किया।
संतोष पांडे ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय भी सरकारी प्लेन का इस्तेमाल धार्मिक और तांत्रिक व्यक्तियों के लिए किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान तांत्रिक चंद्रास्वामी को भी सरकारी विमान की सुविधा दी गई थी। पांडे ने पूछा कि क्या कांग्रेस अब अपनी ही बातों को भूल रही है?
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी निशाना साधा और कहा कि उनके कार्यकाल में छत्तीसगढ़ “सोमरस में डूब गया था” और उसका बुरा असर उनके परिवार तक पहुंचा। पांडे ने दावा किया कि “सोमरस” की वजह से ही भूपेश बघेल के परिवार का एक सदस्य आज जेल में है।
भाजपा नेता ने कहा कि अब कांग्रेस को धीरेन्द्र शास्त्री की कथा से दिक्कत हो रही है और “रामरस” का विरोध करना ठीक नहीं है।
छत्तीसगढ़ की राजनीति में यह मुद्दा अब तेजी से गरमा गया है और दोनों दल एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।





