महिला से दुष्कर्म के आरोप में कांस्टेबल बर्खास्त, जमानत याचिका खारिज; आरोपी फरार

दुर्ग। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में महिला के साथ दुष्कर्म के आरोप में फंसे कांस्टेबल अरविंद कुमार मेन्ढे को पुलिस विभाग से बर्खास्त कर दिया गया है। आरोपी कांस्टेबल अभी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
पीड़ित महिला ने शिकायत में बताया कि उसका बेटा जेल में बंद है। इसी बात का फायदा उठाकर पुरानी भिलाई में तैनात कांस्टेबल अरविंद ने उसे फोन कर थाने बुलाया और झांसा दिया कि वह उसके बेटे को जेल से छुड़वा देगा।
महिला के अनुसार, 18 नवंबर 2025 को आरोपी ने उसे चरौदा बस स्टैंड बुलाया, वहां से बाइक में बैठाकर रेलवे स्कूल के पास की सुनसान जगह ले गया और जबरन दुष्कर्म किया। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे भी जेल में डालने की धमकी दी और मौके से भाग गया।

महिला ने अगले दिन 19 नवंबर की शाम को घटना की FIR दर्ज करवाई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कांस्टेबल गिरफ्तारी के डर से फरार हो गया।
दुर्ग एसएसपी ने मामले को गंभीर मानते हुए पहले आरोपी को निलंबित किया था। बाद में उसकी जमानत याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी और अब कार्रवाई बढ़ाते हुए उसे पुलिस सेवा से पूरी तरह बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग उठ रही है।





