बिलासपुर जिला सहकारी बैंक को नया नेतृत्व, पूर्व विधायक रजनीश सिंह बने अध्यक्ष – किसानों के हित में बेहतर काम का भरोसा

बिलासपुर। राज्य सरकार ने सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए चार जिला सहकारी बैंकों में नई नियुक्तियां की हैं। इसी क्रम में बिलासपुर जिला सहकारी बैंक को नया नेतृत्व मिल गया है। बेलतरा के पूर्व विधायक रजनीश सिंह को बैंक का अध्यक्ष और रजनी साहू को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दोनों ने पदभार ग्रहण कर कामकाज संभाल लिया है।
इन नियुक्तियों के साथ ही सहकारी बैंकों में कलेक्टर सिस्टम खत्म हो गया है और अब सीधे राजनीतिक नेतृत्व को संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। माना जा रहा है कि इससे किसानों और आम लोगों को सहकारी बैंकिंग सेवाओं का लाभ तेजी से और बेहतर तरीके से मिल सकेगा।
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से चर्चा में अध्यक्ष रजनीश सिंह ने कहा कि,
“यह मेरे लिए पद नहीं, बल्कि कार्यभार है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वरिष्ठ नेतृत्व ने जो भरोसा जताया है, उसका मैं ईमानदारी से पालन करूंगा। किसानों और आमजन के हित में हर संभव बेहतर काम किया जाएगा।”
उन्होंने बताया कि प्राथमिकता के तौर पर किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना, सहकारी योजनाओं का लाभ दिलाना और बैंकिंग सुविधाओं को और सरल बनाना सबसे बड़ा लक्ष्य होगा। साथ ही बैंक के विकास और विस्तार पर भी ध्यान दिया जाएगा, ताकि यह संस्था प्रदेश के सहकारिता आंदोलन को नई दिशा दे सके।
नए नेतृत्व से किसानों और आम लोगों को बेहतर सेवाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।





