LPG PC: उज्ज्वला योजना का बड़ा विस्तार: 25 लाख महिलाओं को मिलेगा मुफ्त गैस कनेक्शन, बिलासपुर में आवेदन तेज

बिलासपुर |केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत बड़ा विस्तार करते हुए देशभर में 25 लाख अतिरिक्त महिलाओं को निःशुल्क एलपीजी गैस कनेक्शन देने की मंजूरी दी है। इस फैसले का उद्देश्य गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को धुएं वाले चूल्हों से राहत दिलाकर स्वच्छ, सुरक्षित और सुलभ रसोई ईंधन उपलब्ध कराना है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह योजना “पहले आओ–पहले पाओ” के आधार पर लागू होगी और जैसे ही 25 लाख कनेक्शन का लक्ष्य पूरा होगा, योजना बंद कर दी जाएगी। इसी वजह से छत्तीसगढ़ और खासकर बिलासपुर जिले में आवेदन अभियान तेज कर दिया गया है, ताकि कोई भी पात्र महिला इस लाभ से वंचित न रह जाए।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत वर्ष 2016 में की गई थी और अब तक इसके तहत देशभर में 10 करोड़ 33 लाख से अधिक महिलाओं को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं। नए विस्तार के तहत वे महिलाएं आवेदन कर सकती हैं, जिनके घर में पहले से कोई गैस कनेक्शन नहीं है। पात्रता का निर्धारण वंचना घोषणा पत्र के आधार पर किया जाएगा, जिसका सत्यापन जिला उज्ज्वला समिति द्वारा होगा। शर्तों के अनुसार आवेदक या उसके परिवार का कोई सदस्य सरकारी कर्मचारी नहीं होना चाहिए और परिवार के पास थ्री व्हीलर या फोर व्हीलर वाहन भी नहीं होना चाहिए।
आवेदन प्रक्रिया को बेहद सरल रखा गया है। महिलाएं अपने नजदीकी एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर, कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से या फिर ऑनलाइन pmuy.gov.in वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकती हैं। योजना के तहत लाभार्थियों को बिना किसी जमा राशि के गैस सिलेंडर, प्रेशर रेगुलेटर, सुरक्षा होज, घरेलू गैस उपभोक्ता कार्ड, निःशुल्क गैस चूल्हा और पहला गैस रिफिल भी उपलब्ध कराया जाएगा, साथ ही प्रशासनिक शुल्क में भी छूट दी जाएगी।
आंकड़े बताते हैं कि उज्ज्वला योजना से जुड़ने के बाद महिलाओं में गैस उपयोग लगातार बढ़ा है। वर्ष 2019-20 में जहां औसतन तीन रिफिल प्रति वर्ष होते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 4.47 रिफिल प्रति वर्ष हो गई है। यह योजना न केवल महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिला रही है, बल्कि उनके स्वास्थ्य में सुधार और सम्मानजनक जीवन की दिशा में भी एक मजबूत कदम साबित हो रही है।





