विधानसभा में हंगामा: नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर कांग्रेस विधायकों का विरोध, गर्भगृह में जाने पर निलंबन

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन सदन में जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस के सभी विधायक हाथों में ‘सत्यमेव जयते’ की तख्तियां लेकर सदन में पहुंचे। वे नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई का विरोध कर रहे थे।
सदन की कार्यवाही के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। इस पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कड़ा विरोध जताया।
कांग्रेस विधायकों ने जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव रखा, लेकिन आसंदी ने इसे स्वीकार नहीं किया। इसके बाद सदन में जोरदार नारेबाजी शुरू हो गई।
नारे लगाते हुए विपक्षी विधायक गर्भगृह में पहुंच गए। वे ‘जांच एजेंसियों का दुरुपयोग बंद करो’, ‘भारत माता की जय’ और ‘महात्मा गांधी की जय’ के नारे लगा रहे थे। गर्भगृह में पहुंचने पर आसंदी ने विपक्षी विधायकों को निलंबित कर दिया।





