चोर भट्टी खुर्द के पूर्व सरपंच मनबोध यादव की धारदार हथियार से हत्या, गांव में फैली सनसनी

बिलासपुर। ग्राम पंचायत चोर भट्टी खुर्द के पूर्व सरपंच मनबोध यादव की देर रात अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना से पूरे गांव में दहशत और सनसनी फैल गई है।
बुधवार रात करीब 8 बजे मनबोध यादव अपनी स्कूटी से गांव के आसपास घूमने निकले थे, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटे। गुरुवार सुबह परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजते-खोजते वे गांव के पास स्थित मुर्गा फार्म हाउस पहुंचे—जहां अक्सर लोग शराब पीने के लिए जुटते हैं।
वहीं पास में उनका शव खून से लथपथ हालत में मिला। सिर पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और सभी संभावित angles से जांच शुरू कर दी है।
पूर्व सरपंच की हत्या से गांव में आक्रोश और भय का माहौल है। पुलिस जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।





