रायपुर की सड़कें होंगी चौड़ी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल की पहल पर गडकरी ने दी मंजूरी

रायपुर। राजधानी रायपुर की ट्रैफिक समस्या और शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर को सुधारने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने आज संसद भवन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर शहर की बढ़ती ट्रैफिक जरूरतों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान सांसद अग्रवाल ने रायपुर में NH-53 रिंग रोड नंबर 1 की सर्विस रोड को 5 मीटर से बढ़ाकर 11 मीटर तक चौड़ा करने का प्रस्ताव रखा। मंत्री नितिन गडकरी ने इस सुझाव से सहमति जताई और तुरंत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दे दिए।
यह निर्णय रायपुर के तेज़ी से बढ़ते शहरी विस्तार और बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए बेहद अहम माना जा रहा है। सर्विस रोड चौड़ी होने से शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और वाहन चालकों को सुगम व सुरक्षित आवागमन मिलेगा।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रायपुर को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए उनका प्रयास लगातार जारी है। इस फैसले से शहरवासियों को जल्द ही सड़क सुविधाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।





