धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण: किसानों को मिलेगी और बेहतर सुविधाएँ – खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल

महासमुंद। जिले के प्रभारी मंत्री एवं खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल शनिवार को महासमुंद विकासखंड के ग्राम बिरकोनी पहुंचे। यहां उन्होंने धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण कर पूरी खरीदी व्यवस्था का जायज़ा लिया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, सरल और समय पर पूरी हो, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान मंत्री बघेल ने किसानों से सीधे बातचीत की। किसानों ने बताया कि बारदाना की कोई कमी नहीं है और अभी की व्यवस्था संतोषजनक है। मंत्री ने धान की तौलाई, नमी माप, गुणवत्ता जांच और स्टैकिंग व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने खुद मौके पर धान की तौल करवाई और किसानों से उनकी समस्याएँ सुनीं।
इसके बाद मंत्री झलप के धान खरीदी केंद्र भी पहुंचे और वहां भी किसानों से चर्चा की। इस दौरान विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिलाध्यक्ष येतराम साहू और कलेक्टर विनय कुमार लंगेह मौजूद रहे।
मंत्री बघेल ने किसानों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पूरी तरह किसानों के हित में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि ज्यादा किसानों को लाभ देने के लिए टोकन की लिमिट बढ़ाई जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों का पालन करें और धान अच्छी तरह साफ करके ही केंद्र में लाएं।
अधिकारियों को उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों को अनावश्यक इंतज़ार न करना पड़े और नमी परीक्षण पूरी पारदर्शिता से किया जाए। सभी तौल मशीनें नियमित रूप से कैलिब्रेटेड रहें और खरीदी केंद्र में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हों। साथ ही, सीसीटीवी कैमरे लगातार चालू रखने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर विनय लंगेह ने बताया कि जिले के 182 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी सुचारू रूप से चल रही है। आज खरीदी का 13वां दिन है और अब तक एक लाख 14 हजार टन धान खरीदा जा चुका है। बिरकोनी केंद्र में 2727 किसानों में से 153 किसानों से 11,122 क्विंटल धान खरीदा गया है। आज 22 किसानों के टोकन जारी किए गए।





