तिफरा झाड़ियों में मिली जली लाश की पहचान: यूपी के ट्रक ड्राइवर का था शव, 24 दिन बाद पुलिस ने सुलझाई गुत्थी

तिफरा सब्जी मंडी के पास 7 नवंबर को मिली जली हुई अज्ञात लाश की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है। करीब 24 दिनों की लगातार जांच, मोबाइल सर्विलांस और CCTV फुटेज की मदद से पुलिस ने शव की पहचान उत्तर प्रदेश के ट्रक ड्राइवर गोपाल के रूप में की है।
घटनास्थल से पुलिस को जले हुए कपड़े, मोबाइल के टूटे हुए हिस्से और कुछ निजी सामान मिला था, लेकिन शव बुरी तरह जला होने के कारण पहचान मुश्किल हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर किए, पोस्टर लगाए और आसपास के राज्यों के करीब 250 मोबाइल नंबरों की जांच की।
जांच में 17 नंबर बंद मिले, लेकिन एक नंबर की लोकेशन यूपी तक ट्रेस हुई। इसी नंबर की कॉल डिटेल से पुलिस मृतक गोपाल तक पहुंची। बाद में उसकी पत्नी ने कपड़ों और बरामद सामान को देखकर शव की पहचान की पुष्टि की।
पता चला कि गोपाल 22 दिन पहले घर से ट्रक लेकर निकला था। 6 नवंबर की रात उसने आखिरी बार घर फोन कर बताया था कि वह बिलासपुर के पास है। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। CCTV में उसे घटना की रात शराब दुकान से शराब खरीदते हुए देखा गया है।
लेकिन उसके बाद वह किसके साथ गया और उसके साथ क्या हुआ—यह अभी भी पुलिस के सामने बड़ा सवाल है। फिलहाल पुलिस कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन और संदिग्धों के लिंक खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हत्या का पूरा राज खुल जाएगा।





