गरियाबंद में बड़ा एक्शन: अमलीपदर पुलिस ने अवैध धान से भरा ट्रक पकड़ा, 611 कट्टा धान जब्त

गरियाबंद। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी है, और इसी बीच पड़ोसी राज्यों से अवैध धान लाकर खपाने की कोशिशें भी बढ़ गई हैं। ताजा मामले में अमलीपदर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 611 कट्टा अवैध धान के साथ एक ट्रक को जब्त किया है।
देर रात मुखबिर से जानकारी मिलने पर पुलिस ने कांडेकेला के मक्का बाड़ी में दबिश दी। यहां पुलिस को बड़ी मात्रा में छिपाकर रखा गया धान मिला। ट्रक में 415 बोरी धान लोड थी, जबकि बाड़ी में 196 बोरी धान और डंप मिला। कुल मिलाकर जब्त धान की कीमत लगभग 7.5 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस इससे पहले भी अवैध धान परिवहन के आधा दर्जन से ज्यादा वाहन पकड़ चुकी है। लगातार कार्रवाई के बावजूद अवैध धान खपाने की कोशिशें जारी हैं, लेकिन पुलिस इन्हें रोकने के लिए सतत निगरानी में जुटी हुई है।





