धान खरीदी में रफ्तार, किसान धनीराम को 5 दिन में मिला 1.91 लाख का भुगतान, सरकार की व्यवस्था से खुश

रायपुर। प्रदेश में धान खरीदी तेजी पकड़ चुकी है और किसानों को बेचे गए धान की राशि भी समय पर मिल रही है। बिलासपुर जिले के तखतपुर विकासखंड के सेंदरी धान उपार्जन केंद्र में ग्राम अमतरा के किसान धनीराम देवांगन को धान बेचने के सिर्फ 5 दिन के भीतर 1 लाख 91 हजार रुपये का भुगतान मिल गया। तेज़ भुगतान व्यवस्था से किसान बेहद खुश हैं।
किसान धनीराम ने बताया कि टोकन कटाने से लेकर भुगतान मिलने तक पूरी प्रक्रिया सरल और बिना परेशानी वाली रही। उन्होंने कहा कि इस तरह की त्वरित व्यवस्था किसानों के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि किसान हितैषी योजनाओं से अब खेती लाभदायक होती जा रही है।
धनीराम देवांगन 6 एकड़ में खेती करते हैं और इस वर्ष उन्होंने 140 क्विंटल धान बेचा है। उनका कहना है कि धान बेचने के बाद तय समय पर राशि खाते में आ गई और बोनस राशि भी जल्द मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें किसान सम्मान निधि का लाभ भी मिल रहा है, जो छोटे किसानों के लिए बड़ी मदद साबित होती है। इससे खेती के कई खर्च पूरे हो जाते हैं।
किसानों का कहना है कि सरकार की नई व्यवस्थाएँ और योजनाएँ खेती को आसान और लाभकारी बना रही हैं।





