छत्तीसगढ़ विधानसभा का विशेष सत्र शुरू: पुराने भवन में 25 साल की संसदीय यात्रा को किया याद

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र मंगलवार को पुराने विधानसभा भवन में शुरू हुआ। सत्र की शुरुआत स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने दिवंगत पूर्व विधायकों रजनीताई उपासने, बनवारी लाल अग्रवाल और राधेश्याम शुक्ला को श्रद्धांजलि देकर की। पूरे सदन ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया।
यह सत्र इसलिए भी खास है क्योंकि अगला शीतकालीन सत्र नए विधानसभा भवन में आयोजित किया जाएगा। ऐसे में आज का यह विशेष सत्र पुरानी विधानसभा की 25 साल की ऐतिहासिक यात्रा को समर्पित रहा।
सत्र का मुख्य विषय ‘पच्चीस वर्षों की संसदीय यात्रा’ रखा गया है। इसके तहत प्रदेश की राजनीतिक, सामाजिक और विकास यात्राओं पर चर्चा की जाएगी। सभी विधायक अपने अनुभव साझा करते हुए बताएंगे कि बीते 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने किन-किन क्षेत्रों में प्रगति की है।
यह सत्र न सिर्फ यादों का पल है, बल्कि आने वाले समय के लिए बेहतर दिशा तय करने का अवसर भी माना जा रहा है।





