जांजगीर: अभिरक्षा से रेप आरोपी के फरार होने पर तीन आरक्षक निलंबित

जांजगीर। अकलतरा थाना क्षेत्र में अभिरक्षा में रखे गए रेप आरोपी के फरार होने के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। लापरवाही बरतने पर एसपी विजय पांडे ने तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र में अटैच कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, थाना अकलतरा के अपराध क्रमांक 564/2023 में दर्ज रेप, हत्या का प्रयास, मारपीट और धमकी सहित कई धाराओं में आरोपी महावीर कंवर (40), निवासी कटनई, को अन्य दो वारंटियों के साथ 16 नवंबर को न्यायालय पेशी के लिए भेजा गया था। इसके लिए आरक्षक राजेंद्र कहरा (क्रमांक 309), उमेश यादव (क्रमांक 425) और कमल बहादुर क्षत्रिय (क्रमांक 973) को सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई थी।
लेकिन पेशी के दौरान आरोपी महावीर कंवर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। इस गंभीर लापरवाही पर एसपी ने तीनों आरक्षकों को दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है।





