सुरक्षित आहार अभियान: खाद्य विभाग की टीम ने दो दिनों में 7 खाद्य प्रतिष्ठानों का किया औचक निरीक्षण, जांच के लिए 5 खाद्य नमूने किए जब्त।
स्वच्छता और जरूरी दस्तावेजों में कमी मिलने पर 2 फर्मों के खिलाफ सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा।

बिलासपुर में लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए ( सुरक्षित आहार अभियान) खाद्य विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। सुरक्षित आहार हमर अधिकार अभियान के तहत विभाग की टीम ने दो दिनों में 7 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और 5 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए जब्त किए हैं।
खाद्य विभाग की टीम ने दो दिनों में 7 खाद्य प्रतिष्ठानों का किया औचक निरीक्षण ( सुरक्षित आहार अभियान)
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने उपसंचालक डॉ. शुभा गढ़ेवाल के मार्गदर्शन में 25 और 26 नवंबर को शहर के अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण किया। 25 नवंबर को आर.आर. रेस्टोरेंट से वेज बिरयानी का नमूना लिया गया, जबकि 26 नवंबर को द मेड बेकर्स से पैक्ड मसाला खारी और बर्गर बन तथा द बर्गर किंग्स से फ्रेंच फ्राइज और वेज बर्गर के नमूने जांच के लिए संकलित किए गए। इस तरह दो दिनों में कुल 5 खाद्य नमूने जब्त किए गए हैं। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों की जांच करना है, ताकि लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।
निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र और पानी की जांच रिपोर्ट जैसे जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले। वहीं स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों में कमियां पाए जाने पर 2 फर्मों के खिलाफ सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा की गई है।
इसके लिए अभिहित अधिकारी को प्रकरण भेजा गया है। कार्रवाई में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीर सागर पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी और प्रतीक तिवारी शामिल रहे। जब्त किए गए सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी…….





