प्रधानमंत्री मोदी पहुंचे रायपुर, किया ब्रह्माकुमारी ‘शांति शिखर’ ध्यान केंद्र का उद्घाटन

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रायपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्थान के ‘शांति शिखर’ ध्यान केंद्र का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि “हमारे यहां कहा जाता है, आचरण ही सबसे बड़ा धर्म, तप और ज्ञान है। अच्छे आचरण से कुछ भी सिद्ध किया जा सकता है।”
उन्होंने कहा कि आज का दिन बहुत विशेष है क्योंकि छत्तीसगढ़ के साथ ही झारखंड और उत्तराखंड के भी 25 साल पूरे हुए हैं। पीएम मोदी ने इन सभी राज्यों के लोगों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
मोदी ने कहा कि राज्य का विकास ही देश के विकास की आधारशिला है। इसी सोच के साथ हम भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के अभियान में आगे बढ़ रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने ब्रह्माकुमारी संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि इस आध्यात्मिक आंदोलन ने समाज में सेवा और सकारात्मकता का संदेश फैलाया है। उन्होंने बताया कि वे पिछले कई दशकों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं और इसके कार्यों को हमेशा नजदीक से देखा है।
मोदी ने कहा, “मैंने हमेशा महसूस किया है कि ब्रह्माकुमारी संस्थान में शब्दों से ज्यादा सेवा की भावना दिखाई देती है।” उन्होंने जानकी दीदी और राजयोगिनी दादी योगिनी जी को स्नेह और मार्गदर्शन के लिए विशेष रूप से याद किया।





