छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव में पीएम मोदी बोले– बच्चों के दिल में नई उम्मीद, वाराणसी में भी बनेगा ऐसा अस्पताल

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के मौके पर आज नवा रायपुर में आयोजित रजत महोत्सव कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेशवासियों को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने 14,260 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। पीएम मोदी ने अपने दौरे की शुरुआत श्री सत्य साईं संजीवनी हृदय अस्पताल से की, जहां उन्होंने बच्चों से “दिल की बात” की।

प्रधानमंत्री मोदी सुबह तय समय से पहले रायपुर पहुंचे और 64 वाहनों के काफिले के साथ नवा रायपुर स्थित अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने उन बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात की जिनकी हृदय सर्जरी अस्पताल में निःशुल्क की गई थी। अस्पताल ने अब तक 20 हजार से अधिक बच्चों की सर्जरी और डेढ़ लाख से अधिक ओपीडी कर मरीजों को नया जीवन दिया है।

पीएम मोदी ने बच्चों से बातचीत में उनके सपनों को सुना। कोरबा की एक बच्ची ने बताया कि वह डॉक्टर बनकर बच्चों का इलाज करना चाहती है, जिससे प्रधानमंत्री भावुक हो गए। इस मौके पर उन्होंने घोषणा की कि वाराणसी में भी ऐसा ही अस्पताल बनाया जाएगा, ताकि उत्तर प्रदेश के बच्चों को भी बेहतर इलाज मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने जल संरक्षण और समाजसेवा के क्षेत्र में सत्य साईं संगठन के कार्यों की सराहना की। उन्होंने पद्म विभूषण तीजन बाई और लेखक विनोद कुमार शुक्ल से मुलाकात कर उनका हालचाल भी जाना।

प्रधानमंत्री का दिनभर का कार्यक्रम व्यस्त रहा। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संगठन के ‘शांति शिखर’ का उद्घाटन किया, छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का लोकार्पण किया और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण भी किया। इसके बाद वे वीर नारायण सिंह स्मारक और जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन करने पहुंचे।

पीएम मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की 25 वर्ष की यह यात्रा विकास, जनसेवा और आत्मनिर्भरता की कहानी है। उन्होंने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ देश की प्रगति में और भी अहम भूमिका निभाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई