प्रधानमंत्री मोदी करेंगे देश के पहले डिजिटल ट्राइबल म्यूज़ियम का लोकार्पण: छत्तीसगढ़ की रजत जयंती पर इतिहास बनेगा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की धरती पर 1 नवम्बर को इतिहास रचा जाएगा। राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के पहले डिजिटल ट्राइबल म्यूज़ियम — शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह-जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का नवा रायपुर में लोकार्पण करेंगे।

यह भव्य संग्रहालय उन आदिवासी वीर नायकों को समर्पित है, जिन्होंने अंग्रेज़ों के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी और छत्तीसगढ़ की अस्मिता की रक्षा की। सोनाखान के ज़मींदार वीर नारायण सिंह को प्रदेश का पहला शहीद माना जाता है। उनके बलिदान की गाथा को सहेजने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर यह अद्वितीय संग्रहालय बनाया गया है।

लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह म्यूज़ियम नवा रायपुर के सेक्टर-24 में स्थित है। यह देश का पहला डिजिटल संग्रहालय है, जिसमें आधुनिक VFX तकनीक, प्रोजेक्शन सिस्टम, डिजिटल स्क्रीन और QR कोड स्कैन जैसी सुविधाएँ मौजूद हैं। दर्शक अपने मोबाइल से हर कथा को डिजिटल रूप में देख और सुन सकेंगे।

संग्रहालय में छत्तीसगढ़ के प्रमुख आदिवासी आंदोलनों — हल्बा विद्रोह, सरगुजा विद्रोह, भूमकाल, सोनाखान विद्रोह, झंडा सत्याग्रह, जंगल सत्याग्रह आदि को 14 सेक्टरों में जीवंत रूप से प्रस्तुत किया गया है। परिसर में वीर नारायण सिंह का भव्य स्मारक भी बनाया गया है, जो नई पीढ़ी को प्रेरणा देगा।

यहाँ प्रवेश द्वार पर सरगुजा के कलाकारों की सुंदर नक्काशीदार पैनलें लगाई गई हैं और परिसर में साल, महुआ और साजा वृक्ष की प्रतिकृतियाँ बनाई गई हैं, जिनकी पत्तियों पर आदिवासी विद्रोहों की डिजिटल कहानियाँ अंकित हैं।

संग्रहालय में सेल्फी प्वाइंट, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाएँ, ट्राइबल आर्ट से सजा फर्श, और भगवान बिरसा मुंडा व शहीद गैंदसिंह की मूर्तियाँ भी स्थापित की गई हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत की थी और आदिवासी समाज के विकास के लिए पीएम जनमन और प्रधानमंत्री धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना जैसे अभियान शुरू किए थे।

इस ऐतिहासिक दिन पर शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह-जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का लोकार्पण छत्तीसगढ़ की रजत जयंती को गौरवपूर्ण बना देगा, जहाँ इतिहास, परंपरा और आधुनिकता एक साथ नजर आएंगे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई