बिलासपुर में 279 महिला नगर सैनिकों का प्रशिक्षण पूरा, भव्य दीक्षांत समारोह में दिखाया अनुशासन और कौशल

बिलासपुर। नगर सेना विभाग के तहत बिलासपुर संभाग के विभिन्न जिलों से भर्ती की गई 279 नई महिला नगर सैनिकों का दस दिवसीय बुनियादी प्रशिक्षण शनिवार को साइंस कॉलेज मैदान, सरकंडा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस मौके पर भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि डीआईजी होम गार्ड एल.पी. वर्मा शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद महिला प्रशिक्षणार्थियों ने अनुशासन और कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए मार्चपास्ट किया। डीआईजी वर्मा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला प्रशिक्षणार्थियों और प्रशिक्षण में सहयोग देने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला सेनानी बिलासपुर दीपांकर नाथ, जिला सेनानी रायगढ़ बी. कुजूर, साइंस कॉलेज के प्राचार्य प्रवीण पांडेय, फायर स्टेशन प्रभारी वेद नारायण सेन, और एसडीआरएफ टीम के सदस्य सहित नगर सेना व अग्निशमन सेवा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह में महिला सैनिकों के परिजन भी बड़ी संख्या में पहुंचे और गर्व से अपनी बेटियों के प्रदर्शन को देखा।
डीआईजी वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि महिला नगर सैनिक समाज में सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और सेवा भावना के क्षेत्र में अहम भूमिका निभाएंगी। यह प्रशिक्षण उनके अनुशासन, आत्मविश्वास और समर्पण को और मजबूत करेगा।





