7 साल से लंबित महंगाई भत्ता एरियर, कर्मचारियों ने सरकार से जल्द भुगतान की मांग की

रायपुर। छत्तीसगढ़ के हजारों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों का महंगाई भत्ते (DA) का एरियर पिछले सात सालों से लंबित है। शासन द्वारा अब तक इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है, जिससे कर्मचारियों के साथ-साथ 2017 से सितंबर 2025 के बीच सेवानिवृत्त और इस दौरान दिवंगत शासकीय कर्मचारियों के परिवारों को भी करोड़ों रुपये का भुगतान नहीं हो पाया है।
जानकारी के अनुसार, वित्त विभाग द्वारा जारी आदेशों के तहत जुलाई 2017 से फरवरी 2019 तक कुल 32 माह का महंगाई भत्ता एरियर बकाया है। इसमें जुलाई 2017 से अप्रैल 2018 तक 10 माह, जनवरी 2018 से फरवरी 2019 तक 14 माह और जुलाई 2018 से फरवरी 2019 तक 8 माह का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है।
छत्तीसगढ़ शासकीय कर्मचारी संघ ने इस मामले में सरकार से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। संघ ने कहा कि शासन को कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए लंबित महंगाई भत्ते के एरियर का भुगतान जल्द से जल्द करना चाहिए, ताकि सेवारत और सेवानिवृत्त दोनों वर्गों को राहत मिल सके।






