कृषि मंत्री के निर्देश पर छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, 25 लाख किसानों को मिलेगा लाभ

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कैबिनेट की बैठक में किसानों के लिए खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान खरीदी के संबंध में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि 15 नवम्बर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक छत्तीसगढ़ के 25 लाख किसानों से धान खरीदी की जाएगी। इसके तहत प्रति क्विंटल धान की दर 3100 रुपये होगी और किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान बेच सकेंगे।
धान खरीदी में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए इस वर्ष ई-केवाईसी के माध्यम से किसान का पंजीकरण एग्रीस्टेक पोर्टल में अनिवार्य किया गया है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2025 है। साथ ही डिजिटल क्राप सर्वे के जरिए 23 लाख हेक्टेयर रकबे का सर्वे कर ऑनलाइन निर्धारित किया गया है।
किसानों की सुविधा के लिए टोकन तुंहर हाथ मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन टोकन व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से किसान अपनी सुविधा अनुसार धान बेचने के दिन तय कर सकेंगे। इसके साथ ही बायोमैट्रिक आधारित धान खरीदी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि केवल वास्तविक किसानों से ही धान खरीदी हो।
राज्य में 2739 खरीदी केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। खरीदी समितियों को शून्य सुखत आने पर प्रति क्विंटल 5 रुपये प्रोत्साहन दिया जाएगा। इसके अलावा, धान की रिसाइक्लिंग रोकने, परिवहन की मॉनिटरिंग और प्रशासनिक अधिकारियों को खरीदी केंद्र प्रभारी बनाने के निर्णय भी लिए गए हैं।
सरकार ने यह भी निर्देश दिए हैं कि सीमावर्ती राज्यों से अनियंत्रित धान आवक रोकने के लिए जिले स्तर पर विशेष चेकिंग दल बनाए जाएं और धान के उठाव और परिवहन की सख्त निगरानी रखी जाए।
इस निर्णय से किसानों को समय पर भुगतान, बेहतर व्यवस्थाएं और सुरक्षित धान बिक्री सुनिश्चित होगी।





