रायपुर में धार्मिक माहौल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कथा में लिया आशीर्वाद

रायपुर। राजधानी रायपुर में आज धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा आयोजित कथा और हनुमंत दिव्य दरबार में शामिल होकर आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत जय श्री राम और जय बागेश्वर धाम के जयकारों से हुई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा सुनने पहुंचे और भक्ति भाव में डूब गए।
इस मौके पर डॉ. रमन सिंह ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री से भेंट की और उन्हें छत्तीसगढ़ की पवित्र भूमि में स्वागत करते हुए उनके धार्मिक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में नैतिकता, शांति और सद्भाव का संदेश फैलाते हैं।
डॉ. सिंह ने व्यासपीठ से पंडित शास्त्री के प्रवचन सुने और कहा कि यह अनुभव उनके लिए अत्यंत आध्यात्मिक और प्रेरणादायक रहा। कथा में धर्म, भक्ति, कर्म और समाज सेवा के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि कथा केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि जीवन में नैतिक और आध्यात्मिक शिक्षा का माध्यम है। उन्होंने श्रद्धालुओं को भगवान हनुमान और बागेश्वर धाम के महत्व के बारे में बताया और जीवन में सदाचार, ईमानदारी व सेवा भाव अपनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धालुओं ने कहा कि पंडित शास्त्री के प्रवचनों ने उनके मन में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक शांति का संचार किया।





