कबड्डी मैच के दौरान करंट की चपेट में आने से 3 युवकों की मौत, कई घायल

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में शनिवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। विश्रामपुरी थाना क्षेत्र के रावसवाही गांव में चल रही रात्रिकालीन कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान अचानक तेज आंधी आई। तेज हवा से टेंट उखड़कर 11 केवी विद्युत तार के संपर्क में आ गया। इसके बाद टेंट में लगे लोहे के पाइप में करंट प्रवाहित हो गया, जिससे तीन खिलाड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।

मरने वालों की पहचान सतीश कुमार (24 वर्ष, निवासी गरांजीडीही), सुनील सोनी (25 वर्ष, निवासी बांसकोट) और श्यामलाल नेताम (25 वर्ष, निवासी बडेराजपुर) के रूप में हुई है। वहीं, शिवम दास (16 वर्ष), सुबेलाल मरकाम (25 वर्ष) और संदीप नेताम (23 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को विश्रामपुरी अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद कांकेर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

हादसे के समय बड़ी संख्या में ग्रामीण कबड्डी मैच देखने पहुंचे थे। जैसे ही लोहे के पाइप में करंट दौड़ा, टेंट के भीतर भगदड़ मच गई। अफरातफरी में कई लोग पाइप से टकराकर करंट की चपेट में आ गए। घटना के बाद तत्काल बिजली की आपूर्ति बंद कर दी गई, लेकिन तब तक तीन युवकों की जान जा चुकी थी।

जिला प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की मांग की है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button