नान घोटाला: पूर्व IAS आलोक शुक्ला बार-बार कोर्ट पहुंचे सरेंडर करने, मगर नहीं हो रही गिरफ्तारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रिटायर्ड आईएएस अफसर आलोक शुक्ला इन दिनों अपनी गिरफ्तारी को लेकर सुर्खियों में हैं। अजीब हालात यह हैं कि वे खुद अदालत जाकर सरेंडर करना चाहते हैं, लेकिन कोई एजेंसी उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही। बीते दो दिनों में वे दो बार रायपुर की अदालत पहुंचे और घंटों बाहर बैठे रहे, लेकिन हर बार मायूस होकर लौटना पड़ा।
दरअसल, आलोक शुक्ला 2015 के बहुचर्चित नान घोटाले में आरोपी हैं। आरोप है कि घोटाले के सामने आने के बाद उन्होंने एसीबी अधिकारियों पर दबाव बनाकर अपने पक्ष में कार्रवाई को प्रभावित किया और जमानत भी हासिल कर ली थी। बाद में ईडी ने मामले की जांच शुरू की और शिकंजा कसना शुरू किया। मामला सुप्रीम कोर्ट तक गया, जहां कोर्ट ने साफ कर दिया कि जमानत पर विचार तभी होगा जब शुक्ला सरेंडर करेंगे।
इसी वजह से आलोक शुक्ला रायपुर कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे। लेकिन यहां नया मोड़ तब आया जब ईडी ने उन्हें हिरासत में लेने से ही इनकार कर दिया। ईडी के अधिवक्ता ने मीडिया को बताया कि गिरफ्तारी पर अब अदालत ही फैसला करेगी।
सोमवार को इस मामले में कोर्ट का अहम निर्णय आने वाला है। दिल्ली से ईडी की टीम भी रायपुर पहुंचेगी और कस्टडी को लेकर फैसला होगा। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में नान घोटाले से जुड़े और खुलासे तथा गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
फिलहाल आलोक शुक्ला बार-बार कोर्ट जाकर अपनी गिरफ्तारी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें कोई पकड़ने को तैयार नहीं है।





