दुर्ग: राज्यपाल रमेन डेका ने किया ड्रोन क्लब का उद्घाटन, विद्यार्थियों से कहा – “रोज़गार ही नहीं, रोज़गार सृजन की सोच विकसित करें”

दुर्ग। भिलाई स्थित रूंगटा इंटरनेशनल स्किल्स यूनिवर्सिटी में शनिवार को नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए विद्यारंभ समारोह आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने यूनिवर्सिटी के ड्रोन क्लब का शुभारंभ किया और विद्यार्थियों को संबोधित किया।
राज्यपाल ने कहा कि यहाँ से स्नातक होने वाले विद्यार्थी केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि वैश्विक कंपनियों के उद्योग प्रमाणपत्र भी हासिल करेंगे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल नौकरी पाने तक सीमित न रहें, बल्कि समाज की समस्याओं को पहचानें और उनके समाधान के लिए काम करें।
उन्होंने बताया कि ड्रोन तकनीक केवल उड़ने का साधन नहीं है, बल्कि यह कृषि, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवा और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में क्रांति ला सकती है। डेका ने कहा कि आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, ब्लॉकचेन और इंटरनेट ऑफ थिंग्स जैसी तकनीकें तेजी से उद्योगों का रूप बदल रही हैं। इसलिए विद्यार्थियों को नई चुनौतियों के लिए तैयार रहना चाहिए।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों को संदेश दिया – “जिज्ञासु बनें, असफलता से न डरें, और अपने कौशल का उपयोग समाज की वास्तविक समस्याओं को हल करने में करें। आने वाले वर्षों में आप न सिर्फ डिग्रीधारी होंगे बल्कि उद्योग प्रमाणपत्र, व्यावहारिक अनुभव और आत्मविश्वास से लैस पेशेवर बनकर निकलेंगे।”
समारोह में सांसद विजय बघेल, विधायक रिकेश सेन और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडे भी मौजूद रहे। सांसद बघेल ने कहा कि भिलाई शिक्षा का नया केंद्र बन रहा है और यहां देश-विदेश से छात्र आ रहे हैं। विधायक सेन ने कहा कि राज्यपाल का यूनिवर्सिटी आना विद्यार्थियों के लिए गौरव की बात है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष पांडे ने विद्यार्थियों को अनुशासन और मेहनत पर आधारित जीवन जीने की सीख दी।
कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए और “पेड़ मां के नाम” योजना के अंतर्गत वृक्षारोपण भी किया।





