रायपुर में फर्जी I.B अधिकारी गिरफ्तार, पुलिस की सतर्कता से बड़ा अपराध टला

रायपुर। राजधानी पुलिस ने शनिवार रात एक ऐसे युवक को पकड़ा, जो खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (I.B) का अधिकारी बताकर लोगों को गुमराह करता था। आरोपी का नाम विशाल कुमार (29 वर्ष) है, जो भोपाल (मध्यप्रदेश) का रहने वाला है और इन दिनों रायपुर के टिकरापारा क्षेत्र में अपने रिश्तेदारों के घर रह रहा था।
घटना का खुलासा वाहन चेकिंग के दौरान हुआ। आमानाका थाना पुलिस चंदनडीह चौक पर चेकिंग कर रही थी, तभी तेज रफ्तार स्कूटी (MP04YJ1386) सवार युवक को रोका गया। नियम तोड़ने पर जब चालान बनाया जा रहा था, तो उसने पुलिस से बचने के लिए फर्जी आईबी अधिकारी का आईडी कार्ड दिखाया। कार्ड की जांच करने पर वह नकली निकला।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से इस कार्ड का इस्तेमाल कर आम लोगों को रौब दिखाता था और खुद को खुफिया अधिकारी बताकर गुमराह करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, प्रतिरूपण और ठगी से जुड़े मामले दर्ज किए हैं, साथ ही ट्रैफिक नियम तोड़ने पर भी कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि अगर आरोपी समय रहते नहीं पकड़ा जाता, तो वह इस फर्जी पहचान का इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात में कर सकता था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि उसने यह आईडी कहां से बनवाया और क्या इसके पीछे कोई गिरोह सक्रिय है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति द्वारा दिखाए गए पहचान पत्र पर तुरंत भरोसा न करें और शक होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।





