रमन सिंह का बड़ा बयान: कैबिनेट नियुक्तियों, राज्यपाल पद और भूपेश बघेल पर साधा निशाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज कई अहम मुद्दों पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने 14 मंत्रियों की नियुक्ति को लेकर उठ रहे सवालों, राज्यपाल पद की चर्चाओं और कांग्रेस नेताओं के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कैबिनेट की नियुक्तियों को अवैधानिक बताने वाले लोगों को न्यायालय पर भरोसा रखना चाहिए। हरियाणा में यह व्यवस्था कई सालों से चल रही है और यदि कोई कोर्ट जाता है तो फैसला अदालत ही करेगी। इसमें चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।
राज्यपाल पद की चर्चाओं पर उन्होंने साफ कहा कि वे छत्तीसगढ़ में ही रहना चाहते हैं और विधानसभा अध्यक्ष के रूप में पूरी निष्पक्षता से काम कर रहे हैं। उन्होंने आग्रह किया कि उन्हें यहीं रहने दिया जाए।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए रमन सिंह ने कहा कि बघेल लगातार अजीबोगरीब बयानबाजी कर रहे हैं। वहीं राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री को अपशब्द कहने पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की भाषा कार्यकर्ताओं में भी दिखाई देती है और यह उनके चरित्र की गिरावट को दर्शाता है।
मोहन भागवत के 75 साल की उम्र की सीमा वाले बयान पर रमन सिंह ने कहा कि संघ किसी के लिए सीमा तय नहीं करता, यह पहले ही स्पष्ट कर दिया गया है।





