चक्रधर समारोह की शुरुआत, पंडित राजेंद्र गंगानी की कथक प्रस्तुति ने बांधा समां

रायगढ़ । रायगढ़ में चल रहे चक्रधर समारोह के 40वें संस्करण की शुरुआत दिल्ली से आए देश के प्रख्यात कथक नर्तक पंडित राजेंद्र गंगानी की शानदार प्रस्तुति से हुई। उन्होंने जयपुर घराने की पारंपरिक कथक शैली में ऐसा मोहक नृत्य प्रस्तुत किया कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे।
पंडित गंगानी ने महज चार साल की उम्र से नृत्य साधना शुरू कर दी थी। वर्ष 2003 में उन्हें तत्कालीन राष्ट्रपति ने सम्मानित किया था। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी उन्हें कई पुरस्कार और अलंकरण मिल चुके हैं।
उनकी प्रस्तुति में परंपरा और आधुनिकता का अद्भुत मेल दिखाई दिया, जिसने दर्शकों के दिलों को छू लिया और पूरे वातावरण को भक्ति और कला रस से भर दिया।





