न्यायधानी में बंद पड़ा ट्रैफिक सिग्नल, रोजाना लग रहा जाम

बिलासपुर: न्यायधानी में स्मार्ट सिटी योजना के तहत करोड़ों रुपए खर्च कर नेहरू नगर से नर्मदा नगर चौक तक सड़क बनाई गई थी। इसी सड़क पर ट्रैफिक सिग्नल भी लगाया गया था, लेकिन कुछ दिनों तक चालू रहने के बाद यह अचानक बंद हो गया। अब यह सिग्नल महीनों से बंद पड़ा है।
यही नहीं, इसी सड़क पर आगे एक और जगह ट्रैफिक सिग्नल लगाने के लिए खंभा तो खड़ा कर दिया गया, लेकिन उस पर लाइटें अब तक नहीं लगाई गईं। नतीजा यह है कि यहां रोजाना ट्रैफिक जाम लगता है और लोग परेशान होते हैं।
आम लोगों का कहना है कि रोजाना इस स्मार्ट सिटी रोड से वीआईपी भी गुजरते हैं, लेकिन फिर भी ट्रैफिक सिग्नल चालू नहीं किया जा रहा, जो समझ से परे है।
लोगों की मांग है कि ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम इस मामले में गंभीरता दिखाएं। बंद पड़े ट्रैफिक सिग्नल को तुरंत चालू किया जाए और जहां नया खंभा लगाया गया है वहां भी जल्द से जल्द सिग्नल लगाया जाए। साथ ही अस्थायी चौक बनाने, डिवाइडर लगाने और ट्रैफिक जवानों की तैनाती की भी जरूरत है, ताकि यातायात व्यवस्था सुधर सके।
पूर्व में इस समस्या की जानकारी ट्रैफिक हेल्पलाइन को भी दी गई थी। उस समय जवाब मिला था कि ट्रैफिक सिग्नल लगाने और दुरुस्त करने की जिम्मेदारी नगर निगम की है।





