रायपुर : भारतमाला परियोजना को बिलासपुर से जोड़ने की तैयारी

रायपुर-विशाखापटनम भारतमाला परियोजना को अब बिलासपुर तक जोड़ने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए राज्य सरकार जल्द ही केंद्र को प्रस्ताव भेज सकती है। इस विषय पर पीडब्ल्यूडी मंत्री और डिप्टी सीएम अरुण साव जल्द ही केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात करेंगे।
जानकारी के मुताबिक डिप्टी सीएम साव ने विभागीय अधिकारियों के साथ प्रारंभिक चर्चा भी की है। रायपुर-बिलासपुर मार्ग पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए सरकार का मानना है कि भविष्य के लिए एक वैकल्पिक सड़क होना जरूरी है।
वर्तमान में भारतमाला परियोजना अभनपुर के चींचा गांव से शुरू होकर विशाखापटनम तक जाती है। यह सिक्स लेन सड़क है और इसके बनने से रायपुर से विशाखापटनम की दूरी 164 किलोमीटर कम हो गई है। काम अगले साल जून तक पूरा होने की उम्मीद है।
अब राज्य सरकार की योजना है कि अभनपुर से बिलासपुर तक भी इस सड़क को जोड़ा जाए। अगर केंद्र से अनुमति मिलती है तो ट्रैफिक दबाव काफी कम होगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।





