रायपुर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों पर प्रदर्शनी का शुभारंभ, क्विज में भी शामिल हुए मुख्यमंत्री

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी के कचहरी चौक स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल में छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के जीवन पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी युवाओं और खासकर स्कूली बच्चों के लिए बेहद उपयोगी है, क्योंकि इससे उन्हें छत्तीसगढ़ की आज़ादी की लड़ाई में निभाई गई भूमिका और हमारे वीर सेनानियों के संघर्षों के बारे में विस्तार से जानने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के इतिहास और संस्कृति पर आधारित क्विज प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया और पूछे गए सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों और युवाओं के लिए बेहद रोचक और ज्ञानवर्धक हैं।
प्रदर्शनी में दुर्लभ दस्तावेज, स्वतंत्रता सेनानियों की जीवनगाथा, ऐतिहासिक क्षण और भारत छोड़ो आंदोलन जैसे आंदोलनों में छत्तीसगढ़ की भागीदारी को सुंदर और प्रभावशाली तरीके से दर्शाया गया है। साथ ही, राज्य सरकार की योजनाओं और प्रदेश में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी भी यहां उपलब्ध है।
इस साल प्रदर्शनी में वर्चुअल रियलिटी तकनीक का इस्तेमाल कर छत्तीसगढ़ के इतिहास और संस्कृति को नए अंदाज़ में पेश किया जा रहा है, जो खासकर बच्चों और युवाओं को खूब पसंद आ रहा है। “कौन बनेगा करोड़पति” की तर्ज पर आयोजित “कोन बनही गुनिया” क्विज प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र है, जिसमें विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे।
जनसंपर्क विभाग की यह प्रदर्शनी 15 से 21 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से रात 8:00 बजे तक आम जनता के लिए निःशुल्क खुली रहेगी।





