सीतापुर विधायक का अस्पताल में हंगामा, BMO पर कार्रवाई की अनुशंसा

सीतापुर। रविवार देर शाम नेशनल हाईवे-43 पर माझापारा पुलिया के पास स्विफ्ट डिजायर कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में सीतापुर निवासी विक्की तुरिया (27), पत्नी लक्ष्मी तुरिया (26) और दो वर्षीय बेटी बेबी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को CHC बतौली लाया गया, जहां इलाज में लापरवाही और एम्बुलेंस की अनुपलब्धता के कारण एक घंटे बाद मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि विक्की की हालत नाजुक है।

डॉक्टर ने तीनों को अंबिकापुर रेफर करने की सलाह दी, लेकिन एम्बुलेंस चालक मौजूद नहीं था। इस बीच सूचना पाकर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो अस्पताल पहुंचे। उन्होंने देखा कि गंभीर घायल विक्की को टाटा मैजिक से ले जाया जा रहा है, जबकि एम्बुलेंस अस्पताल में खड़ी थी। गुस्से में विधायक ने सरगुजा CMHO डॉ. प्रेम सिंह मार्को को फोन कर BMO को निलंबित करने की अनुशंसा और चालक को बर्खास्त करने के निर्देश दिए। बाद में विक्की को एम्बुलेंस से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

विधायक ने कहा कि सरकार में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। हादसे के समय न BMO मौजूद थे, न एम्बुलेंस ड्राइवर। उनके आने के बाद ही BMO अस्पताल पहुंचे। इस बीच, हादसे में शामिल कार (सीजी 12 एजी 5638) के चालक शिव कुमार कुजूर और एक अन्य को सीतापुर में पकड़ा गया। दोनों नशे में थे और एक अन्य बाइक को भी टक्कर मार चुके थे। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button