भिलाई शिव महापुराण कथा में लापरवाही, थाना प्रभारी निलंबित

दुर्ग। भिलाई के सेक्टर-5 स्थित जयंती स्टेडियम में चल रही श्री शिव महापुराण कथा के दौरान सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही बरतने के कारण उतई थाना प्रभारी शिव चंद्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह सख्त कार्रवाई दुर्ग जिले के एसएसपी विजय अग्रवाल ने की है।
गौरतलब है कि जयंती स्टेडियम में प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक कार्यक्रम में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भीड़ की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और अलग-अलग अधिकारियों की ड्यूटी तय की गई है।
थाना प्रभारी शिव चंद्रा को टीए बिल्डिंग के सामने सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन ड्यूटी के दौरान उन्होंने एसएसपी के निर्देशों की अनदेखी की और अपनी जिम्मेदारियों में लापरवाही बरती। इस लापरवाही के चलते आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई और संभावित अव्यवस्था की आशंका बनी रही।
एसएसपी विजय अग्रवाल ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए तत्काल प्रभाव से थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था सर्वोपरि होती है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने बाकी अधिकारियों को भी निर्देश दिया है कि वे अपनी ड्यूटी को जिम्मेदारी से निभाएं और भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें।





