650 करोड़ के घोटाले में बड़ी कार्रवाई: मोक्षित कॉर्पोरेशन पर ईडी की छापेमारी, सीआरपीएफ तैनात
मेडिकल घोटाले में ईडी का छापा, मोक्षित कॉर्पोरेशन पर बड़ी कार्रवाई

दुर्ग:छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मोक्षित कॉर्पोरेशन के कई ठिकानों पर छापेमारी की। यह छापेमारी छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (सीजीएमएससी) से जुड़े 650 करोड़ रुपये के कथित घोटाले के सिलसिले में की गई है। इस कार्रवाई ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है।
ईडी और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की संयुक्त टीम ने दुर्ग में मोक्षित कॉर्पोरेशन के तीन आवासीय परिसरों और कार्यालयों को निशाना बनाया। टीम के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सुरक्षा के लिहाज से छापा पड़ने वाले सभी ठिकानों को चारों ओर से घेर लिया गया और आम जनता के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी की एक दर्जन गाड़ियों में सवार टीम बुधवार सुबह अचानक पहुंची और तुरंत दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी। इस दौरान ईडी अधिकारियों ने कई अहम फाइलों और कंप्यूटर डेटा को जब्त किया है, हालांकि अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है कि छापे में क्या-क्या बरामद हुआ।
मोक्षित कॉर्पोरेशन का नाम पहले भी इस घोटाले में सामने आ चुका है। इससे पहले 27 जनवरी 2025 को भी आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शांतिलाल व शशांक चोपड़ा के गंजपारा स्थित घर और कार्यालय पर छापा मारा था।
इस ताज़ा छापेमारी के बाद संभावना जताई जा रही है कि जांच एजेंसियां आगे कुछ और नामों को जांच के दायरे में ले सकती हैं। अभी तक ईडी की तरफ से कोई औपचारिक बयान जारी नहीं हुआ है, लेकिन अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ “ज़ीरो टॉलरेंस” नीति के तहत की गई है।





