आरोपी गिरफ्तार: गार्ड हत्याकांड में बड़ा ब्रेक…प्रयागराज से एक आरोपी गिरफ्तार
डीवीआर और बाइक लेकर भागे थे चारों... अब पुलिस की गिरफ्त में आया पहला दरिंदा

सरकंडा के बाल संप्रेक्षण गृह में गार्ड की हत्या के बाद फरार चार आरोपियों में से एक (आरोपी गिरफ्तार) आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। आरोपी प्रयागराज से गिरफ्तार हुआ है, जबकि तीन अन्य की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं सुरक्षा गार्ड नरेंद्र खांडेकर की हत्या के बाद चारों आरोपी बेहद शातिर तरीके से मौके से फरार हुए। जाते-जाते वे सिर्फ अपनी जान बचाकर नहीं भागे, बल्कि वारदात के सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी का डीवीआर, मृतक की बाइक और उसकी चाबी भी साथ ले गए।
डीवीआर और बाइक लेकर भागे थे चारों (आरोपी गिरफ्तार)
पुलिस को शुरुआती जांच में यही समझ आ गया था कि आरोपी पहले से पूरी तैयारी के साथ आए थे और भागने की भी पूरी प्लानिंग कर चुके थे।वारदात के बाद चारों आरोपी कटघोरा पहुंचे, जहां पैसों का इंतजाम किया गया। इसके बाद बस के जरिए अंबिकापुर पहुंचे और यहीं से उन्होंने पुलिस को चकमा देने के लिए अपनी राहें अलग कर लीं। कोई उत्तर प्रदेश की ओर निकल गया तो कोई दूसरे रास्ते से फरार हुआ, ताकि पुलिस एक साथ सभी तक न पहुंच सके।
इधर बिलासपुर पुलिस लगातार तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली सूचनाओं को जोड़ती रही। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी दिनेश राठिया उर्फ कोकड़ू प्रयागराज में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम उत्तर प्रदेश रवाना हुई और कई घंटे की घेराबंदी के बाद आरोपी को दबोच लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ शुरू हुई, जिसमें फरार साथियों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस अब आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर ला रही है, जहां उससे पूरे घटनाक्रम और हत्या की साजिश को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी……
इस सनसनीखेज हत्याकांड में अब भी विशाल चौबे, संजय चौहान और अंकित सिंह पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इनकी तलाश के लिए छत्तीसगढ़ के साथ-साथ दूसरे राज्यों में भी पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस को भरोसा है कि गिरफ्तार आरोपी से मिले इनपुट बाकी आरोपियों तक पहुंचने में बड़ी कड़ी साबित होंगे।एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि इस मामले में पहली गिरफ्तारी बड़ी सफलता है, लेकिन कार्रवाई यहीं नहीं रुकेगी। हत्या में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के सामने लाया जाएगा। पुलिस का दावा है कि फरार तीनों आरोपी भी जल्द सलाखों के पीछे होंगे





