रायपुर में महिला से 2.83 करोड़ की ठगी: पांच गिरफ्तार, पैसे को कंबोडिया भेजकर किया वैध
हर माह दुबई भेजे जाते सिम कार्ड

रायपुर। रायपुर की सफायर ग्रीन कॉलोनी की सोनिया हंसपाल से 2.83 करोड़ की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सोनिया को दुबई से दिल्ली पुलिस के नाम पर वीडियो कॉल की गई। 50 दिन तक अलग-अलग नंबरों से कॉल कर डराया गया और पैसे कई राज्यों के खातों में जमा कराए गए।
पैसे को बाद में यूएस डॉलर में बदलकर कंबोडिया भेजा गया। वहां से फर्जी कंपनियों के जरिए वह पैसा भारत लौटा, जिससे ठगी की कमाई को वैध दिखाया गया। जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी आनंद सिंह देवरिया, यूपी का निवासी है। वह पहले पासपोर्ट बनवाने वाले सेंटर में काम करता था। वहीं से वह ठगों के संपर्क में आया और अपना गिरोह बना लिया।
आनंद ने करीब 15 लोगों को दुबई भेजा है, जिन्हें वह वेतन, रहने और खाने की सुविधा देता है। उनका पासपोर्ट, वीजा और टिकट खुद बनवाता है। वह कंबोडिया के ठगों से भी जुड़ा हुआ है।
गोरखपुर निवासी आकाश साहू फर्जी सिम कार्ड का इंतजाम करता है। झोपड़ियों में रहने वाले लोगों के नाम पर सिम लेकर उन्हें दुबई भेज देता है। नवीन और अनूप मिश्रा फर्जी कंपनी बनाकर खाते खोलते हैं।
पुलिस को शक है कि कुछ बैंक कर्मचारी भी ठगों से मिले हैं, जो बुजुर्ग और अकेले लोगों की जानकारी लीक कर रहे हैं। भारत सरकार की चिट्ठी के बाद कंबोडिया में छापेमारी कर 3075 ठग पकड़े गए, जिनमें 105 भारतीय हैं। रायपुर पुलिस भी अब केंद्र को रिपोर्ट भेजेगी।





