सरायपाली में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण

सरायपाली। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने आज सरायपाली प्रवास के दौरान मा घंटेश्वरी मंदिर के पास बने नए अटल परिसर में भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और अटल जी के विचारों व योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के शिखर पुरुष थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित कर दिया।
अरुण साव ने कहा कि अटल जी एक महान विचारक, प्रभावशाली वक्ता और दूरदर्शी नेता थे। उनके कार्यों और नीतियों ने देश की दिशा और दशा दोनों बदली। उन्होंने बताया कि पोखरण परमाणु परीक्षण हो या सभी वर्गों के विकास की कल्पना, हर कदम पर अटल जी ने भारत को गौरवान्वित किया।
उपमुख्यमंत्री ने अटल जी के जीवन को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनके दिखाए रास्ते पर चलकर ही सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है।





