पत्नी ने दिया जीजा को सुपारी, पति को उतरवाया मौत के घाट
चिकन-शराब पार्टी के बहाने ले जाकर सिर कुचल डाला

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम तिफरा में पत्नी ने अपने ही पति की हत्या के लिए अपने जीजा को एक लाख रुपए की सुपारी दी थी। पुलिस जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है। 17 जुलाई को हिर्री माइंस के पास एक युवक की सिर कुचली लाश मिली थी, जिसकी पहचान साहिल पटेल (25 वर्ष) के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि साहिल की पत्नी वर्षा खूंटे (20 वर्ष) पति की शराब की लत और मारपीट से तंग आ चुकी थी। वर्षा ने अपनी मां और जीजा राजाबाबू खूंटे के साथ मिलकर साहिल को रास्ते से हटाने की साजिश रची। योजना के तहत राजाबाबू ने साहिल को चिकन और शराब पार्टी का लालच दिया और उसे हिर्री माइंस के पास डोलोमाइट खदान में ले गया। वहां उसे शराब पिलाई गई और पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को नग्न हालत में छोड़ दिया गया।
17 जुलाई को सुबह शव मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान मौके से शराब की खाली बोतलें बरामद हुईं। इसके बाद आसपास के शराब दुकानों के CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसमें तीन युवकों को शराब और चिकन लेते देखा गया। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल वर्षा, उसकी मां और राजाबाबू को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की पूछताछ जारी है। पुलिस ने मामले में और भी खुलासों की संभावना जताई है।





