CM साय की मौजूदगी में संदीप शर्मा आज लेंगे खाद्य आयोग अध्यक्ष पद की शपथ

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग को आज नया अध्यक्ष मिलने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ किसान नेता और प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा 25 जुलाई को आयोग के अध्यक्ष पद का विधिवत पदभार ग्रहण करेंगे। यह कार्यक्रम रायपुर के साइंस कॉलेज परिसर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में अपराह्न 3 बजे शुरू होगा।
समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे, जबकि अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। समारोह में राज्य सरकार के दोनों उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी मौजूद रहेंगे। साथ ही प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्रीगण – दयालदास बघेल, केदार कश्यप, ओ.पी. चौधरी, रामविचार नेताम, टंकाराम वर्मा, श्यामबिहारी जायसवाल, लखनलाल देवांगन और लक्ष्मी राजवाड़े समेत कई दिग्गज नेता शामिल होंगे।
इसके अलावा सांसद बृजमोहन अग्रवाल और रूपकुमारी चौधरी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, रोहित साहू, नान अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव और रायपुर की महापौर मीनल चौबे भी कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि रहेंगे। संदीप शर्मा को राज्य सरकार द्वारा खाद्य सुरक्षा और जनहित से जुड़ी योजनाओं के कुशल क्रियान्वयन के उद्देश्य से खाद्य आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से आयोग को नए दिशा-निर्देश और सक्रियता मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।





