अंबिकापुर में बिजली गिरने से युवक की मौत, छत्तीसगढ़ के 17 जिलों में बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस बार मानसून ने समय से पहले दस्तक दी और जुलाई के पहले सप्ताह से ही झमाझम बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। 1 जून से 23 जुलाई तक प्रदेश में कुल 470.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो औसत 464.7 मिमी से करीब 1% ज्यादा है। सिर्फ जुलाई महीने में 23 दिनों में 318.9 मिमी बारिश हुई है, जो औसत 276.7 मिमी से 15% अधिक है। मौसम विभाग ने 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश में मानसून ने इस बार सामान्य समय से पहले 28 मई को प्रवेश किया था। जून में औसत 75% के बराबर 151.2 मिमी बारिश हुई थी। जुलाई में अब तक की बारिश से किसानों में उत्साह है। बलरामपुर जिले में औसत से दोगुनी बारिश 754.2 मिमी दर्ज हुई है, जबकि छह जिलों – बेमेतरा, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, सुकमा और सरगुजा में औसत से कम बारिश हुई है। जांजगीर, रायगढ़, मुंगेली, मोहला-मानपुर-चौकी और सक्ती में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। आने वाले चार-पांच दिनों में खासकर बस्तर संभाग में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है।
बिजली गिरने से तीन की मौत
अंबिकापुर में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। दरिमा के मांजा गांव में अनिल नगेशिया, बेलखरिया गांव में मोहर लाल और बतौली में 17 वर्षीय किशोर रोशन की जान गई। सभी खेत में काम कर रहे थे और बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े थे। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।





