रायगढ़ में डेंगू से बचाव के लिए कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

रायगढ़। हर साल की तरह इस बार भी डेंगू से बचाव के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंगलवार को कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य, नगर निगम और अन्य विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि डेंगू का सबसे ज्यादा असर जिन वार्डों में होता है, वहां विशेष अभियान चलाया जाए। हॉटस्पॉट इलाकों में साफ-सफाई पर ज्यादा ध्यान दिया जाए। कचरा रोज उठाया जाए, दवा का छिड़काव और फॉगिंग भी नियमित की जाए।
उन्होंने कहा कि मरीजों का सही इलाज हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तैयारी रखे। मरीजों की जानकारी और हेल्थ अपडेट के लिए व्यवस्था बनाई जाए और जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाए। आश्रम और छात्रावासों में भी साफ-सफाई की जांच की जाए।
बैठक में नगर निगम के आयुक्त, स्वास्थ्य अधिकारी और दूसरे विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने कहा कि डेंगू रोकने में लोगों की मदद सबसे जरूरी है। लोग अपने घरों में गमलों, फ्रिज के ट्रे, कूलर, छत पर रखे डिब्बों और पुराने टायर में पानी जमा न होने दें। इसके लिए नगर निगम और महिला बाल विकास विभाग की टीमें लोगों को जागरूक करें।
स्कूलों में भी ऑडियो-वीडियो के जरिए बच्चों को डेंगू से बचने के तरीके बताए जाएं, ताकि बच्चे अपने परिवार के साथ मिलकर पानी जमा न होने देने में मदद करें।
कलेक्टर ने सभी विभागों को मिलकर काम करने और लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए।





