सीएम विष्णुदेव साय का विपक्ष पर तंज: बोले, हार से बौखलाए लोग बार-बार बदल रहे अपने विचार

बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को बिलासपुर के सिम्स ऑडिटोरियम में आयोजित रजक युवा गाडगे सम्मेलन में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक सहित कई नेता भी मौजूद रहे। समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
सम्मेलन में सीएम साय ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने, शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि रजक समाज के युवाओं को आगे बढ़ाने और सशक्त बनाने के लिए सरकार पूरी मदद करेगी।
विपक्ष पर तीखा हमला
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए सीएम साय ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “विपक्ष हार से बौखला गया है और बार-बार अपने विचार बदल रहा है। जो लोग कभी सीबीआई की जांच रोकने की बात करते थे, आज वही जांच की मांग कर रहे हैं। उनके बयान अब हास्यास्पद हो गए हैं।”
सीएम ने कहा कि ऐसे लोगों पर भरोसा करना मुश्किल है, जो अपने फायदे के लिए समय के साथ रंग बदलते रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है और समाज के हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
इस सम्मेलन का उद्देश्य समाज के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और शिक्षा व रोजगार के जरिए उन्हें सशक्त करना था।





