सब इंजीनियर परीक्षा में हाईटेक नकल कांड, दो युवतियां गिरफ्तार, सियासी घमासान शुरू

बिलासपुर। पीडब्ल्यूडी सब इंजीनियर भर्ती परीक्षा में हाईटेक नकल का बड़ा मामला सामने आया है। रामदुलारे दुबे स्कूल में परीक्षा के दौरान दो युवतियां हाईटेक डिवाइस की मदद से नकल करते पकड़ी गईं। केन्द्र में मौजूद एनएसयूआई नेताओं विकास सिंह और मयंक सिंह गौतम को दोनों युवतियों की हरकतें संदिग्ध लगीं। उन्होंने तुरंत स्कूल प्रशासन को इसकी सूचना दी।

शिकायत पर परीक्षा केन्द्र प्रभारी ने दोनों युवतियों के खिलाफ सरकंडा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। इसी बीच मामला सियासी रंग ले चुका है। एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय और कांग्रेस की प्रदेश महिला महामंत्री शिल्पी तिवारी अपने कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे।

नीरज पांडेय ने भाजपा और पीडब्ल्यूडी विभाग पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा राज में पढ़ाई नहीं, बल्कि नकल के हाईटेक गिरोह फल-फूल रहे हैं। शिल्पी तिवारी ने कहा कि ईमानदार छात्रों का भविष्य ऐसे नकलबाज और उनके राजनीतिक संरक्षक मिलकर बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस के रवैये पर भी सवाल उठाए।

एनएसयूआई ने इस पूरे मामले में परीक्षा रद्द करने और सीबीआई जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक इस हाईटेक नकल गिरोह और इसकी साजिश का सच सामने नहीं आता, तब तक छात्रों के भविष्य पर खतरा बना रहेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button