मुर्गी को बचाने के चक्कर में कुएं में डूबे दो सगे भाई, दर्दनाक मौत

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बेलगहना चौकी क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक मुर्गी को बचाने की कोशिश में दो सगे भाइयों की मौत हो गई।
यह घटना 11 जुलाई की शाम की है, जब करही कछार गांव निवासी दिलीप पटेल (40) और उसका छोटा भाई दिनेश पटेल (35) अपने घर की बाड़ी में काम कर रहे थे। घटना उस वक्त घटी जब दिलीप की एक मुर्गी कुएं में गिर गई। उसे बचाने के लिए दिलीप बिना किसी सुरक्षा उपाय के कुएं में उतर गया। कुएं में जहरीली गैस होने की वजह से वह बेहोश होकर पानी में डूब गया। यह देख उसका छोटा भाई दिनेश उसे बचाने के लिए तुरंत कुएं में कूद पड़ा, लेकिन वह भी गैस के प्रभाव में आकर बेहोश हो गया और डूब गया।
परिजनों द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही SDRF और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा उपकरणों के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया। रात करीब 9:30 बजे दोनों भाइयों के शव कुएं से बाहर निकाले गए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि कुएं में जहरीली गैस होने के कारण दोनों की मौत हुई। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है और ग्रामीणों ने प्रशासन से खुले कुएं में सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।





