रतनपुर में डायरिया का कहर, गिरजावन-नवागांव से सबसे ज्यादा मरीज..

डायरिया का संक्रमण
बरसात शुरू होते ही रतनपुर क्षेत्र में डायरिया का संक्रमण तेजी से फैलने लगा है। गिरजावन और नवागांव इलाके से सबसे ज्यादा मरीज सामने आ रहे हैं, जिससे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हालात बिगड़ने लगे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते अस्पताल में अब बेड की भारी कमी हो गई है और सिर्फ एक डॉक्टर के सहारे इलाज का काम चल रहा है..
हर दिन दर्जनों मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं, जिनमें गंभीर मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। अस्पताल के सभी 16 बेड भर चुके हैं और सीमित स्टाफ के साथ व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं। प्रभारी डॉ. विजय चंदेल ने बताया कि अधिकतर मरीज दूषित पानी पीने से बीमार हुए हैं, इसलिए लोग साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें और उबला हुआ या फिल्टर किया हुआ पानी ही इस्तेमाल करें..
स्थानीय जनप्रतिनिधि भी हालात को लेकर चिंतित हैं। पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष कन्हैया यादव ने अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने प्रशासन से भी स्वास्थ्य केंद्र में अतिरिक्त डॉक्टर और संसाधन मुहैया कराने की मांग की है, ताकि संक्रमण पर जल्द नियंत्रण पाया जा सके..





