बिलासपुर: सोलर पैनल लगाकर बिजली बिल से मिली आज़ादी, पीएम सूर्यघर योजना से अनुराग शर्मा को हुआ बड़ा फायदा

बिलासपुर: बोदरी निवासी अनुराग शर्मा अब बिजली के बिल की चिंता से पूरी तरह मुक्त हो चुके हैं। उन्होंने अपने घर की छत पर 7 किलोवॉट का सोलर पैनल लगवाया है, जिसकी मदद से न सिर्फ उनका बिजली बिल शून्य हो गया है, बल्कि अतिरिक्त बिजली भी बन रही है।
अनुराग बताते हैं कि पहले हर महीने 2 से 5 हजार रुपये तक बिजली बिल देना पड़ता था, लेकिन अब उन्हें बिल देना तो दूर, बिजली का खर्च याद भी नहीं आता। यह सब प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की बदौलत संभव हो सका है। सरकार से उन्हें ₹78,000 की सब्सिडी भी मिली, जिससे लागत में काफी राहत मिली।
क्या है पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना?
यह योजना भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका मकसद है लोगों को सौर ऊर्जा के ज़रिए आत्मनिर्भर बनाना। इसमें शहरी और ग्रामीण उपभोक्ताओं को अपने घर की छत पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
सोलर प्लांट को नेट मीटरिंग के ज़रिए बिजली ग्रिड से जोड़ा जाता है।
उपभोक्ता की जरूरत से ज्यादा बनी बिजली ग्रिड में भेजी जाती है, जिससे उन्हें अतिरिक्त आमदनी होती है।
योजना के तहत हर महीने 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाती है।
इसके अलावा योजना से बिजली बिल में कमी, आर्थिक बचत, और नवीन रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।
सरकार इस योजना के तहत ₹30,000 से ₹78,000 तक की सब्सिडी देती है। इच्छुक लोग pmsuryaghar.gov.in वेबसाइट या पीएम सूर्यघर ऐप के ज़रिए रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
अनुराग शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा, “यह योजना वाकई बहुत लाभकारी है। सभी लोगों को इसका फायदा उठाना चाहिए।”
इस तरह की योजनाएं आम लोगों को सशक्त बनाते हुए देश को हरित ऊर्जा की ओर बढ़ाने में मदद कर रही हैं।





