फाइनेंस कंपनी की गुंडागर्दी: किश्त नहीं देने पर कार मालिक को दी हत्या की धमकी

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र स्थित टाउनशिप निवासी रामपाल नाविक ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों पर गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक (SP) और कलेक्टर से शिकायत कर न्याय की मांग की है।
रामपाल ने बताया कि उन्होंने एक कार को फाइनेंस कराया था और वह हर महीने उसकी किश्त नियमित रूप से जमा करते आ रहे हैं। लेकिन आर्थिक तंगी के चलते वे जून महीने की किश्त समय पर जमा नहीं कर पाए। इसकी जानकारी उन्होंने स्वयं कंपनी के एक कर्मचारी को दे दी थी।
रामपाल का आरोप है कि इसके बाद कंपनी के अन्य कर्मचारी उनके घर आए और जबरन किश्त वसूलने का दबाव बनाने लगे। जब रामपाल ने तत्काल भुगतान से इन्कार किया, तो उन्होंने गाली-गलौच करते हुए हत्या की धमकी दी। उन्होंने कहा कि फाइनेंस कंपनी की यह दबंगई असहनीय है और उन्हें न्याय चाहिए। इस मामले में रामपाल ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से उचित कार्रवाई करने की मांग की है ताकि आम नागरिकों को इस तरह की धमकियों से सुरक्षा मिल सके।





