नगर निगम की बैठक में घूसखोरी का मुद्दा गरमाया, संविदा नियुक्ति पर जमकर हंगामा

बिलासपुर।नगर निगम की एमआईसी (कार्यपालिका समिति) की बैठक एक बार फिर विवादों और आरोपों से घिर गई। इस बार विवाद की वजह बना एक रिटायर होने जा रहे अधिकारी की संविदा पर दोबारा नियुक्ति का प्रस्ताव। निगम अध्यक्ष विनोद सोनी ने बैठक में खुलकर आरोप लगाया कि सुरेश शर्मा नाम के अधिकारी को घूसखोरी के बावजूद कुर्सी पर वापस लाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, “सुरेश शर्मा सबसे बड़ा घूसखोर है, जो खुद यह कबूल कर चुका है कि वह अधिकारियों को पैसे देता रहा है।”

बैठक में महापौर पूजा विधानी और अध्यक्ष के बीच इस मुद्दे पर तीखी बहस भी हुई। महापौर का कहना था कि निगम को एक अनुभवी इंजीनियर की जरूरत है और सुरेश शर्मा के पास अनुभव है, इसलिए प्रस्ताव लाया गया है।

वहीं, अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि जब सुरेश शर्मा अभी रिटायर नहीं हुए हैं, तो संविदा पर नियुक्ति का प्रस्ताव पहले ही क्यों भेजा गया? उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “क्या पूरे निगम में सिर्फ एक ही व्यक्ति एक्सपीरियंस्ड है? क्या बाकी सभी अधिकारी अयोग्य हैं?”

इसके अलावा बैठक में सफाई ठेके से जुड़े दो अहम प्रस्तावों को भी सदस्यों की आपसी सहमति न बनने के कारण फिलहाल टाल दिया गया। कुल 29 प्रस्तावों में से ज्यादातर पास हो गए, लेकिन सुरेश शर्मा की संविदा नियुक्ति और सफाई व्यवस्था से जुड़े प्रस्तावों ने सबसे ज्यादा बवाल मचाया।

अध्यक्ष का साफ कहना है कि भ्रष्टाचार को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा और अगर ऐसे लोगों को ही कुर्सी पर बैठाया जाएगा तो ईमानदारी की उम्मीद बेमानी है।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button